पहले से थी तटबंध में दरार, कर्मचारियों ने दी थी चेतावनी लेकिन प्रबंधन ने नहीं की मरम्मत; कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
कोरबा। दर्री स्थित सीएसईबी (CSPGCL) के हसदेव थर्मल पावर स्टेशन (HTPS) में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बड़ा हादसा हो गया। स्टाप डैम का तटबंध अचानक टूट जाने से हजारों लीटर पानी तेज रफ्तार से पावर प्लांट परिसर में घुस आया। देखते ही देखते प्लांट के फ्लोर पर पानी भर गया, जिससे पूरे प्लांट का विद्युत उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया।
हादसे के वक्त प्लांट में मौजूद सैकड़ों कर्मचारी-अधिकारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तो कर्मचारियों को समझ ही नहीं आया कि अचानक इतना पानी कहां से आ रहा है, लेकिन कुछ ही मिनटों में पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि मशीनरी तक डूबने लगी।
कर्मचारियों का गंभीर आरोप है कि स्टाप डैम के तटबंध में कई दिनों से बड़ी दरारें थीं और इसकी लिखित शिकायत वे बार-बार अधिकारियों को कर चुके थे, लेकिन प्रबंधन ने कोई ध्यान नहीं दिया। लापरवाही का ही नतीजा है कि आज यह बड़ा हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी, अग्निशमन दल और रखरखाव टीम मौके पर पहुंची। प्लांट को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है और बाईपास रोड पर भी आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। अभी पानी निकासी का काम युद्धस्तर पर चल रहा है तथा टूटे तटबंध की मरम्मत भी शुरू कर दी गई है।
प्लांट प्रबंधन का कहना है कि नुकसान का आकलन करने के बाद ही बता पाएंगे कि प्लांट का उत्पादन कब बहाल हो पाएगा। फिलहाल दोनों यूनिट्स पूरी तरह बंद हैं, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ने की आशंका है।
हादसे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर्मचारियों ने की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

