कोरबा। कोरबा जिला अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्य अधिवक्ता अशोक कुमार तिवारी ने छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के हाल ही में सम्पन्न चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। राज्यभर के लगभग 23,500 अधिवक्ताओं में से 30 अक्टूबर 2025 को हुए मतदान में 13,624 अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में तिवारी ने उल्लेखनीय मतों से जीत दर्ज करते हुए 25 निर्वाचित सदस्यों में 10वें स्थान पर अपना स्थान सुनिश्चित किया।
तिवारी को प्रदेश के सभी जिलों से व्यापक समर्थन मिला, जो उनके प्रति अधिवक्ता समुदाय के विश्वास, सम्मान और उनके कार्यों की स्वीकृति को दर्शाता है। यह उनकी परिषद में लगातार चौथी विजय है, जो उनके प्रभावशाली नेतृत्व, सेवाभाव और अधिवक्ता हितों के प्रति समर्पण को प्रमाणित करती है।
विदित हो कि छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद अधिवक्ताओं के लिए नीतियाँ तैयार करने, कल्याणकारी योजनाएँ लागू करने और आवश्यक फंडिंग सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाती है। अपने पूर्व कार्यकालों में तिवारी ने अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण, एडवोकेट प्रोटेक्शन, डेथ क्लेम में वृद्धि और कई कल्याणकारी पहलें लागू कर मजबूत छाप छोड़ी थी। इन्हीं सकारात्मक कार्यों के आधार पर अधिवक्ता समुदाय ने एक बार फिर उन्हें विजय का आशीर्वाद दिया है।
विजय के उपरांत अधिवक्ता अशोक कुमार तिवारी ने कोरबा जिला सहित पूरे राज्य के अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विधिज्ञ परिषद के माध्यम से अधिवक्ताओं के सर्वांगीण विकास, सुविधाओं के विस्तार और कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

