कोरबा।जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित अयोध्यापुरी-कटघोरा मुख्य मार्ग पर एक गैरेज में गुरुवार सुबह अचानक कार में आग लगने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गैरेज में एक मारुति कार की मरम्मत के दौरान वेल्डिंग का काम चल रहा था। कार की पेट्रोल टंकी में पहले से लीकेज था, जिसकी जांच नहीं की गई थी।
वेल्डिंग की चिंगारी पेट्रोल टंकी तक पहुंचते ही कार धूं-धूं कर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत CSEB की दमकल टीम को सूचित किया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो चुका था।
गैरेज संचालक ने स्वीकार किया कि पेट्रोल टंकी में लीकेज था, लेकिन मरम्मत शुरू करने से पहले उसकी जांच नहीं की गई। दमकल कर्मी जीतू पलरिया ने इसे गैरेज संचालक की घोर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा, “वेल्डिंग से पहले पेट्रोल टंकी खाली कर जांच कर लेनी चाहिए थी। अगर टंकी फट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।”
साथ ही उन्होंने बताया कि गैरेज में कोई फायर सेफ्टी उपकरण जैसे अग्निशमन यंत्र तक नहीं थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
दमकल विभाग लगातार गैरेज, वर्कशॉप और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है, लेकिन लापरवाही के चलते ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















