पंप हाउस कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण का औचक निरीक्षण, महापौर ने दिए गुणवत्तायुक्त निर्माण के सख्त निर्देश

कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की प्रगति जानने महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने मंगलवार शाम वार्ड क्रमांक 16 स्थित पंप हाउस कॉलोनी में सड़क चौड़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। शाम लगभग 4 बजे महापौर अचानक स्थल पर पहुंचीं, जहां सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य तेजी से जारी था। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कार्य की जानकारी प्राप्त की और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ ही पूरा होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ताहीन कार्य पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की गति का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने का असर अब जिले में भी स्पष्ट दिख रहा है। शासन के निर्देशानुसार अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण कर कार्य की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान उप अभियंता सोमनाथ डहरे सहित नगर निगम की तकनीकी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने महापौर को बताया कि सड़क चौड़ीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा तथा निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महापौर ने टीम को नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सड़क को मजबूत और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।