कोरबा। नशा मुक्त भारत अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। कलेक्टर अजीत वसंत ने सभी उपस्थित अधिकारियों को शपथ दिलाई और कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर वसंत ने कहा कि नशा न केवल परिवार को तोड़ता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे समाज में नशा मुक्ति का संदेश अधिक से अधिक फैलाएं।
शपथ ग्रहण के दौरान अधिकारियों ने संकल्प दोहराया कि वे स्वयं एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशे से दूर रखने का भरसक प्रयास करेंगे। शपथ में कहा गया—
“हम बदलाव की शुरुआत स्वयं से करेंगे और देश को नशा मुक्त बनाने में अपना पूरा योगदान देंगे।”
इस अवसर पर कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत, कोरबा डीएफओ श्रीमती प्रेमलता यादव, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, समाज कल्याण विभाग सहित जिले के सभी विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने नशा मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया है। आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर स्तर पर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















