कोरबा। बालको कर्मचारियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जी-9 मंजिला आधुनिक आवासीय भवन परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा किया गया। इस परियोजना के माध्यम से बालको के 756 कर्मचारियों को अत्याधुनिक और सुरक्षित आवास उपलब्ध होगा।
बालकोनगर सेक्टर-6 में आयोजित कार्यक्रम में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार, महापौर संजू देवी राजपूत, अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि उद्योग किसी भी क्षेत्र में रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा करते हैं और बालको इस दिशा में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रगति से स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होता है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि कंपनी का मौजूदा आवासीय परिसर 60 वर्ष से अधिक पुराना है, जहां जर्जर दीवारें, रिसती छतें और सीमित सुविधाओं जैसी समस्याएँ सामने थीं। नए आवासीय परिसर आधुनिक, सुरक्षित और ऊर्जा-कुशल सुविधाओं से लैस होंगे, जो कर्मचारियों के लिए गरिमापूर्ण और सुखद आवासीय वातावरण सुनिश्चित करेंगे।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण दिल्ली की प्रतिष्ठित कंपनी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना कर्मचारियों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाएगी और बालको की विकास यात्रा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

