सोनगुड़ा डकैती कांड का खुलासा : 19 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ की तलाश में रची थी बड़ी साजिश

कोरबा। बालकोनगर थाना क्षेत्र के तराईडांड स्थित सोनगुड़ा गांव में 6 नवंबर की रात शत्रुघन दास के घर हुई डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कई चारपहिया वाहन, हथियार व अन्य सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को घर में एक करोड़ रुपए होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने संगठित रूप से डकैती की योजना बनाई। घटना की जांच पांच टीमों और 50 से अधिक अधिकारियों ने मिलकर की।

घटना वाली रात कुछ आरोपी नकाब पहनकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को रस्सी से बांधकर नकदी की तलाश में खुदाई तक कर डाली। करोड़ नहीं मिला तो वे डेढ़ लाख की नकदी और 8 लाख से अधिक के आभूषण लेकर भाग निकले।

मुख्य आरोपी कटघोरा निवासी चंद्रकांत डिक्सेना को बताया गया है। साथ ही साहेब दास, गोरेलाल पटेल, पवन पूजन सिंह, रानू साहू, रितेश श्याम, गुणित राम पटेल सहित कई लोग इस योजना में शामिल थे। गांव के ही साहेब दास और नरसिंह दास ने पीड़ित परिवार की संपत्ति व स्थिति की जानकारी आरोपियों को उपलब्ध कराई थी।

कटघोरा, हरदीबाजार, बांकीमोंगरा, बिर्रा, जांजगीर-चांपा समेत कई क्षेत्रों से कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपियों पर धारा 310 (2), 310 (4), 61 बीएनएस तथा 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रेकी की पुष्टि
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घटना से पहले गांव में कई दिनों तक रेकी की थी। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस गश्त के चलते वे पहली बार बिना वारदात को अंजाम दिए लौट गए थे। संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों तथा मुखबिर की सूचना ने मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

अस्पताल में हंगामा
कुछ आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लाए जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस वाहन के पास हंगामा करते हुए कथित रूप से गलत गिरफ्तारी और लेन-देन के आरोप लगाए। महिला सुरक्षा कर्मियों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया।

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर शत्रुघन दास के पास इतनी संपत्ति कैसे आई, जिसकी सूचना आरोपियों को मिली?