कोरबा।जिले के कोरबा वन मंडल अंतर्गत ग्राम पीडिया और तुर्रीकटरा के बीच स्थित जंगल में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पीडिया निवासी जहाज़ सिंह राठिया (लगभग 55 वर्ष) गुरुवार को जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) निकालने गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार जहाज़ सिंह को संभलने या जान बचाकर भागने का अवसर भी नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को जानकारी दी गई। वन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद प्रभावी निगरानी और समय पर सूचना नहीं मिलने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

