सहस्त्रबाहु तिराहा का काम तेज, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

ब्लैक स्पॉट खत्म करने और प्रतिमा स्थल विकसित करने की दिशा में कार्रवाई तेज

कोरबा। कटघोरा-अमरकंटक मार्ग स्थित कसनिया तिराहा को भगवान सहस्त्रबाहु प्रतिमा स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को तहसील और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने तिराहे के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाकर विकास कार्यों का रास्ता साफ किया।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष सहस्त्रबाहु जयंती के अवसर पर कटघोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कसनिया तिराहे का नाम भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर करने तथा यहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके बाद क्षेत्र के विकास की योजना तैयार की गई।

प्रशासन के अनुसार तिराहे के आसपास कुछ लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर कब्जा करने के प्रयास किए जा रहे थे। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए, लेकिन कई लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बुधवार को प्रशासनिक अमले ने जेसीबी की मदद से कुछ ही घंटों में अवैध कब्जों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि यह तिराहा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण लंबे समय से दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट बना हुआ था। अतिक्रमण के कारण विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित होती थी, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती थी। अब ब्लैक स्पॉट समाप्त करने के साथ तिराहे के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

तहसीलदार विनय देवांगन ने बताया कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है। कुछ लोगों ने नोटिस मिलने के बाद स्वयं अपना सामान हटा लिया, जबकि शेष अतिक्रमण प्रशासन ने हटाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा और आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।