कोरबा। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर निगम, परिवहन विभाग (आरटीओ), कोतवाली पुलिस और सीएसईबी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने जोड़ापुल-राताखार मार्ग पर अभियान चलाकर लंबे समय से सड़क किनारे खड़े कंडम ट्रक एवं ट्रेलरों को हटाने की कार्रवाई की।
संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचते ही वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान क्रेन और हाइड्रा मशीन की सहायता से जर्जर वाहनों को हटाने की तैयारी की गई। टीम को देखते ही अधिकांश वाहन मालिकों ने स्वयं अपने कंडम ट्रक-ट्रेलरों को हटाकर अपने-अपने यार्ड में खड़ा कर दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे लंबे समय तक खड़े परित्यक्त और जर्जर वाहन यातायात में बाधा बनने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का भी कारण बनते हैं। ऐसे वाहनों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर,डीएसपी डी.के.सिंह,कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना, सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी,यातायात एएसआई ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर,नगर निगम के इंजीनियर सोमनाथ डहरे एवं सुनील तांडे, तथा आरटीओ निरीक्षक मिथलेश जांगड़े सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

