नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने संतोष मिश्रा के निवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि,क्षेत्रीय समस्याओं पर की चर्चा

कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा के निवास पहुंचकर उनकी माताजी स्वर्गीय श्रीमती राधा मिश्रा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों का कुशलक्षेम जाना।

इस दौरान चरणदास महंत ने उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है और संगठन को मजबूत बनाने के साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाना समय की आवश्यकता है।

सांसद प्रतिनिधि संतोष मिश्रा ने नेता प्रतिपक्ष को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया। वहीं, कोरबा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजीत दास महंत के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर कोरबा ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज चौहान, पीसीसी सचिव हरीश परसाई, प्रशांत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।