स्कूलों के पास नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस का शिकंजा,चला विशेष जांच अभियान

कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने स्कूलों के आसपास विशेष अभियान चलाते हुए नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज और नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले नाबालिगों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यह विशेष अभियान एडिशनल एसपी लखन पटले, एडिशनल एसपी नितेश ठाकुर, डीएसपी डी.के. सिंह, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं निगरानी में चलाया गया। अभियान में एएसआई ईश्वरी लहरे सहित पुलिस टीम ने स्कूलों के आसपास सघन वाहन जांच की।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना स्वयं उनके साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।