मेगा प्रोजेक्ट गेवरा-कुसमुंडा में उत्पादन बढ़ाने सीएमडी दुहन का निरीक्षण, 212 मिलियन टन लक्ष्य पर फोकस

कोरबा। एसईसीएल को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 212 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य मिला है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अभी पांच महीने में 120 मिलियन टन उत्पादन करना बाकी है, जिसे बड़ी चुनौती मानते हुए एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने मेगा प्रोजेक्ट गेवरा और कुसमुंडा खदानों का मैदानी निरीक्षण किया।

सीएमडी दुहन ने कुसमुंडा ओपन कास्ट माइंस में फील्ड पर उतरकर कोयला व ओबी उत्पादन की वास्तविक स्थिति देखी और उत्खनन कार्य की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक एसटी पाटिल, उपक्षेत्र प्रबंधक अतुल एसबी सिंह सहित अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्पादन बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बढ़ते दैनिक उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने के लिए टीमवर्क, दक्षता और फोकस्ड प्रयास बेहद जरूरी हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बी पैच, लोअर कुसमुंडा सीम, अपर कुसमुंडा सीम, ए पैच और रिसदी पैच का जायजा लिया। कॉन्ट्रैक्टर प्रतिनिधियों के साथ भी उन्होंने उत्पादन वृद्धि, मौजूद चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

सीएमडी दुहन ने 42 क्यूम विभागीय शावेल पैच (खोडऱी गांव क्षेत्र) में कोयला उत्खनन के लिए टाइम मैनेजमेंट सुधारने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने गेवरा ओपन कास्ट खदान का निरीक्षण किया और ओबी रिमूवल, कोयला उत्खनन, मशीन उपलब्धता, मेंटेनेंस स्थिति और सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा कर आवश्यक सुधार निर्देशित किए।

एसईसीएल प्रबंधन का मानना है कि केंद्र के 212 मिलियन टन वार्षिक लक्ष्य को पूरा करने के लिए आने वाले महीने बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे।