कस्तुरबा छात्रावास में कानूनी संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं को दिए गए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

कोरबा। कस्तुरबा गांधी आवासीय कन्या छात्रावास में बालिकाओं के संवैधानिक अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और कानूनी संरक्षण की जानकारी देने हेतु एक प्रेरक विधिक जागरूकता एवं बाल अधिकार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कानूनी जागरूकता से सशक्त बनाना था।

इस अवसर पर प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी कोरबा श्रीमती सोनी तिवारी, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी सुश्री कुमुदनी गर्ग, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुश्री त्राप्ति तथा सुश्री ग्रेसी की विशेष उपस्थिति रही।

श्रीमती सोनी तिवारी ने छात्राओं को पास्को (यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण) अधिनियम 2012 का सरल एवं संक्षिप्त परिचय देते हुए उन्हें यौन शोषण और उत्पीड़न से बचने के उपायों के प्रति जागरूक किया। सुश्री कुमुदनी गर्ग ने वाहन अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए बालिकाओं को कानून पालन के प्रति प्रेरित किया।

बाल दिवस के अवसर पर छात्रावास में बाल मेला एवं आनंद मेला का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के साथ पैरालीगल वॉलंटियर्स रमाकांत दूबे, गोपाल चंद्रा, सतीश यादव, वंदना चंदोषा, अधीक्षक, शिक्षिकाएँ तथा छात्राओं के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।