कोरबा। बालकोनगर थाना क्षेत्र के सोनगुड़ा गांव में पांच दिन पहले हुई 10 लाख रुपये की डकैती की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। नकाबपोश डकैतों ने शत्रुघन दास के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बनाया, घर में कई जगह खुदाई की और डेढ़ लाख रुपये नकद सहित 10 लाख के आभूषण लूटकर फरार हो गए। डकैत परिवार की दुकान से आलू, गुटखा और चिप्स भी ले गए, जिससे पुलिस को लगता है कि यह किसी प्रोफेशनल गिरोह का काम नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों का हो सकता है जो परिवार को करीब से जानते हैं।
पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में लगी हैं। सोनगुड़ा, सोनपुरी, तराईमार, भटगांव और आसपास के इलाकों सहित अन्य क्षेत्रों के 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं और हाल ही में जमानत पर रिहा हुए हैं। गुप्तचरों को भी सक्रिय किया गया है ताकि कोई ठोस सुराग मिल सके।
साइबर सेल और अनुभवी अधिकारियों की टीम भी जांच में जुटी है। विभिन्न इनपुट्स पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन अब तक कोई उत्साहजनक जानकारी हाथ नहीं लगी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डकैती में स्थानीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका है। आसपास के क्षेत्रों में हुई इसी तरह की अन्य घटनाओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि देर-सबेर आरोपी जरूर पकड़े जाएंगे। मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















