जिले के लिए अभिशाप बने जंगली हाथी: 100 से अधिक हाथियों ने 20 किसानों की धान फसल चौपट की, विधायक राठिया ने मुआवजा बढ़ाने की उठाई मांग

कोरबा। कोरबा जिले में जंगली हाथियों का आतंक चरम पर है। कटघोरा वनमंडल के पचरा जंगल में 53 तथा कोरबा वनमंडल की करतला-कोरबा रेंज में 50 हाथी बांधापाली, सेंद्रीपाली और केराकछार गांवों में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। बीते सप्ताह 20 से अधिक किसानों के खेतों में घुसकर तैयार धान की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया, जिससे किसान निराशा में डूबे हैं।

पचरा में 12 से ज्यादा ग्रामीणों की फसल चौपट हुई, जबकि केराकछार में भी कई खेत तबाह हो गए।

वन विभाग के मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने जंगली जानवरों से होने वाले सभी नुकसानों के लिए मुआवजा राशि में पुनरीक्षण की मांग की है।

किसानों ने तत्काल राहत, हाथियों को जंगल भेजने और स्थायी समाधान की गुहार लगाई है। वन अधिकारियों ने प्रभावित खेतों का सर्वे कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया है।