हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मिस्त्री, निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान झुलसा

कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी में बुधवार दोपहर मकान निर्माण के दौरान एक मिस्त्री ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल मिस्त्री को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार जेलगांव मुख्य मार्ग से लगे अयोध्यापुरी में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था।

बुधवार को भी निर्माण कार्य में कामगार जुटे हुए थे। मकान की ऊंचाई बढ़ाने के दौरान मिस्त्री का संपर्क ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन से हो गया। हाईटेंशन करंट की चपेट में आते ही वह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे वहां से हटाया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

बस्ती के ऊपर से गुजर रही कई हाईटेंशन लाइनें
स्थानीय लोगों के मुताबिक अयोध्यापुरी में हाईटेंशन लाइनों से हादसे की यह पहली घटना नहीं है। उनका दावा है कि क्षेत्र में पूर्व में भी करीब 15 से 20 हादसे हो चुके हैं। इनमें कुछ घटनाओं में लोगों की मौके पर ही मौत होने की बात भी सामने आई है। बस्ती के ऊपर से कई हाईटेंशन लाइनें गुजर रही हैं और इनके नीचे वर्षों से आबादी निवास कर रही है।

निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकानों के विस्तार और ऊंचाई बढ़ाने के दौरान कई बार हाईटेंशन तारों से सुरक्षित दूरी का ध्यान नहीं रखा जाता। कुछ स्थानों पर विद्युत खंभों के बेहद करीब और उनके ऊपर तक निर्माण किए जाने की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में भविष्य में बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

घटना के बाद अब सवाल उठ रहा है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के आसपास हो रहे निर्माण पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा के आवश्यक उपाय करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।