राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर जिला अस्पताल में लोगों को समझाए गए टीकों के लाभ

कोरबा। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर भारत इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर लोगों को बच्चों के टीकाकरण के महत्व और लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

नर्सिंग छात्रों ने मरीजों के परिजनों एवं अस्पताल आए लोगों को बताया कि समय पर टीकाकरण से बच्चे गंभीर बीमारियों जैसे पोलियो, खसरा, चेचक, डिप्थीरिया, काली खांसी और हेपेटाइटिस बी से सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने विभिन्न आयु वर्ग में लगने वाले सभी अनिवार्य टीकों की सूची और उनके फायदे भी समझाए।

कार्यक्रम के दौरान लोगों में टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया। छात्रों ने “हर बच्चे का पूरा टीकाकरण – स्वस्थ भारत निर्माण” का संदेश देते हुए सभी से अपने बच्चों का समय पर और पूरा टीकाकरण कराने की अपील की।

इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम से अस्पताल पहुंचे सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया और टीकाकरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से समझा।