नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स के तहत किसानों को मिल रहा प्रोत्साहन, फसल चक्र परिवर्तन पर जोर
कोरबा। जिले में फसल चक्र परिवर्तन को बढ़ावा देने और तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि विभाग किसानों को सरसों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स के तहत जिनपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में किसानों को सरसों के बीज वितरित किए गए हैं। पिछले वर्षों में बेहतर उत्पादन मिलने से किसानों की रुचि सरसों की खेती की ओर बढ़ी है।
बेहतर उत्पादन ने बढ़ाया किसानों का भरोसा
कृषि विभाग के उपसंचालक देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि जिले के जिनपुरी सहित कई क्षेत्रों में किसान फसल चक्र परिवर्तन अपनाने लगे हैं। योजना के तहत किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले सरसों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पिछले वर्षों में सरसों की खेती से अच्छे परिणाम मिलने के कारण किसान इस फसल को लेकर उत्साहित हैं। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ लेकर तिलहन उत्पादन को बढ़ावा दें।
जिनपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों में बीज वितरण के दौरान जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दलहन और तिलहन की खेती को प्रोत्साहन
उपसंचालक कृषि देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कोरबा जिले में प्रमुख फसलों के साथ दलहन और तिलहन की खेती के लिए भी पर्याप्त रकबा उपलब्ध है। शासन की प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे खेती के पारंपरिक तौर-तरीकों में बदलाव लाने और उपलब्ध कृषि भूमि का बेहतर उपयोग करने में मदद मिल सकती है।
खेतों तक पहुंचकर किसानों को दे रहे मार्गदर्शन
कृषि विभाग का मैदानी अमला किसानों को फसल उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन दे रहा है। विभागीय स्तर पर किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग और बेहतर फसल प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उत्पादन बढ़ा सकें। सरसों की खेती को प्रोत्साहन देने की यह पहल जिले में तिलहन उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















