कोरबा। सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालकोनगर पुलिस ने ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट से आठ लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 14 हजार 700 रुपये नकद, सात दोपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश सहित जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना बालकोनगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आठ लोगों को पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे और घटनास्थल से नकदी, वाहन, मोबाइल फोन तथा जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की।
पुलिस ने पकड़े गए लोगों की पहचान विजय कुमार वर्मा (40), निवासी पोड़ीबहार; हसीम कुरैशी (40), निवासी चिमनी भट्ठा, मानिकपुर; देवेंद्र साहनी (35), निवासी ढोढ़ीपारा; उज्ज्वल विश्वास (38), निवासी कृष्णा नगर, मानिकपुर; धनीराम (58), निवासी मुड़ापार निषाद मोहल्ला; रहीस कुरैशी (49), निवासी मुड़ापार; आरिफ खान (38), निवासी मुड़ापार बाजार रोड और सूरजमल देवांगन (54), निवासी बुधवारी, काशीनगर के रूप में की है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
इस मामले में थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 614/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने कहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















