निष्क्रिय खातों का त्वरित निपटारा: एसबीआई ने 37 खाताधारकों को सौंपे 41.31 लाख रुपये

कोरबा। “आपकी पूँजी – आपका अधिकार” अभियान के तहत कोरबा जिले में लंबे समय से निष्क्रिय पड़े खातों के तेज़ निपटारे के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लीड बैंक कार्यालय ने विशेष कैंप का आयोजन किया।

भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार 10 वर्षों से अधिक समय से निष्क्रिय एवं दावा रहित खातों की पहचान कर एक ही दिन में 37 खातों का निपटारा किया गया। इन खातों से कुल 41.31 लाख रुपये के दावों का भुगतान संबंधित खाताधारकों अथवा उनके विधिक उत्तराधिकारियों को किया गया।

कैंप में भारतीय स्टेट बैंक के अलावा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, एलआईसी और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के खाते भी शामिल थे।

कार्यक्रम में एसबीआई लीड बैंक मैनेजर के साथ क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक मृत्युंजय वर्मा, आईटीआई रामपुर शाखा के मुख्य प्रबंधक रामेश्वर कुमार, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार सिंह तथा जिला पंचायत के डीपीएम चिराग ठक्कर उपस्थित रहे।

इस सफल कैंप से आम नागरिकों में निष्क्रिय खातों व बीमा पॉलिसियों के दावों के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा बैंकिंग प्रणाली में पारदर्शिता का नया उदाहरण स्थापित हुआ है।