राज्य वुडबॉल चैम्पियनशिप में कोरबा ने लहराया परचम, सीनियर टीम ने जीते कई मेडल

कोरबा। रायपुर के दावड़ा विश्वविद्यालय में 7 से 9 नवंबर तक चली छठवीं सीनियर/जूनियर राज्य वुडबॉल चैम्पियनशिप में कोरबा जिले की सीनियर टीम चमकी। टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए कई मेडल अपने नाम कर जिले का मान बढ़ाया।

सीनियर बॉयज वर्ग में सुमित साहू, देव साहा, हर्षित और देवांशु भानु की चौकड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन और आत्मविश्वास का बेहतरीन नमूना पेश किया। वहीं महिलाओं के डबल्स इवेंट में पूजा साहू और विजयलक्ष्मी की जोड़ी ने शानदार तालमेल और रणनीति से सभी को प्रभावित किया तथा विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती दी।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं व प्रतिभागियों को दीपक कुमार अग्रवाल, सजन साहू तथा जितेंद्र पटेल ने मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रृंगी शर्मा ने किया।

कोरबा के इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता से जिले में वुडबॉल सहित अन्य खेलों के लिए नई उम्मीद जगी है।