चावल गोदाम तिराहा पर डॉक्टर की तेज रफ्तार कार ने इलेक्ट्रिक ऑटो-स्विफट को टक्कर मारी, बाल-बाल बचे दो बाइक सवार; हादसों से त्रस्त स्थानीयों ने लगाई ब्रेकर की गुहार

कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत चावल गोदाम तिराहा चौक के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक सीजी 12 बीजी 3303) ने पहले दो बाइक सवारों को चपेट में लेने से बाल-बाल बचाया, फिर सवारी वाली इलेक्ट्रिक ऑटो को टक्कर मारते हुए स्विफ्ट डिजायर कार में जा घुसी। हादसे के बाद कार सड़क किनारे जा रुकी।

इस घटना से मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस 112 मौके पर पहुंची।

कार को एक डॉक्टर चला रहा था। हादसे में इलेक्ट्रिक ऑटो चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ। चौक पर होटल संचालक लूतन वर्मा ने बताया कि यह तिराहा हादसों का गढ़ बन चुका है। ठीक एक माह पहले एक बस की चपेट में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई थी। कई लोगों की जान जा चुकी है।

तिराहा होने के कारण वाहन तेज रफ्तार में आते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहां स्टॉपर या स्पीड ब्रेकर लगना बेहद जरूरी है, वरना और जानें जा सकती हैं।

नाई दुकान संचालक राकेश श्रीवास ने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस जगह पर दुकान चलाते आ रहे हैं और अब तक दर्जनों हादसे देख चुके हैं, जिसमें कई मौतें और घायल हुए हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है।

एक किलोमीटर की दूरी में जिला मेडिकल कॉलेज, आरटीओ, तहसील, पुलिस लाइन, नगर सेवा कार्यालय, तीन निजी अस्पताल और दो विद्यालय स्थित हैं, जिससे यहां हमेशा चहल-पहल रहती है।

स्थानीयों ने यातायात विभाग और नगर निगम से मांग की है कि चौक पर स्पीड ब्रेकर या उचित यातायात व्यवस्था बनाई जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें। पुलिस मामले की जांच कर रही है।