सोनगुड़ा गांव में डकैती : परिवार को बंधक बनाकर 10 लाख के जेवरात व 1.5 लाख नगद लूटे

कोरबा। शहर से लगे सोनगुड़ा गांव में डकैती की एक घटना पिछली रात हुई। हथियारबंद डकैतों ने परिजनों को बुरी तरह से डरा-धमका कर मौके से डेढ़ लाख नगद सहित 10 लाख के जेवरात पार कर दिए। जिस अंदाज में यह घटना हुई उससे पुलिस की कार्यशैली और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए है।

जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर सोनगुड़ा पंचायत के तराईडांड बस्ती में बीती रात यह घटना हुई। देर रात लगभग 1.30 बजे हथियारबंद बदमाशों के एक गिरोह ने शत्रुघ्न दास के घर पर धावा बोल दिया। दो दर्जन से अधिक बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और उन्हें हथियारों के बल पर धमकाया। परिजनों को इस दौरान विरोध करने का मौका नहीं मिला।

डकैतों ने घर में रखे करीब 1.50 लाख रुपये नगद और लगभग 10 लाख रुपये कीमती सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। आरोपियों ने मारने की धमकी देकर परिजनों को चिल्लाने से रोक दिया। फिर वे मौके से फरार हो गए।

कुछ देर के बाद शत्रुघन दास ने पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लुटेरों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश जारी है।