कोरबा । शहर और आसपास के क्षेत्रों में दुपहिया वाहनों व मोबाइल फोन की लूटपाट की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। कोतवाली, सिविल लाइन थाना, चौकी सीएसईबी, चौकी मानिकपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग लूट के मामलों को सुलझाते हुए लूटा गया सामान बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पहला मामला थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 826/2025 का है। 10 नवंबर को कॉलेज जा रही अंशु नामक छात्रा से अज्ञात बाइक सवार ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। बाइक का नंबर CG 12 AG 7740 था, जिस पर ‘ड्रैगन वॉल’ लिखा हुआ था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने बरीडीह निवासी 22 वर्षीय दीपक कुर्रे को गिरफ्तार किया। उसके पास से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई।
दूसरा मामला सिविल लाइन थाने से जुड़ा है। 10 नवंबर को जशपुर निवासी राजीव नगर कोरबा की एक महिला अपनी स्कूटी से जा रही थी, तभी किसी ने उसका विवो मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। जांच में इंदरगढ़ पारा सिविल लाइन के 25 वर्षीय विशाल पाटले को आरोपी पाया गया। उसने भी उसी बाइक CG 12 AG 7740 का उपयोग किया था।
तीसरा मामला पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर के अपराध क्रमांक 830/2025 का है। 10 नवंबर को ही प्रार्थिया से दो अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल फोन छीना और बाइक से भाग निकले। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दीपक कुर्रे और कन्हैया यादव की भूमिका सामने आई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया। लूटा गया सामान बरामद होने से पीड़ितों को राहत मिली है।
पुलिस की अपील: लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल फोन का उपयोग सावधानी से करें।
वाहन हमेशा सुरक्षित जगह पर पार्क करें। कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वाहन दिखे तो तुरंत डायल 112 या साइबर सेल कोरबा को सूचित करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















