तालाब में नहाते समय डूबने से  युवक की मौत, 9 घंटे बाद मिला शव

कोरबा । उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिलकेजा के आश्रित गांव आमपाली में रविवार सुबह तालाब में नहाते समय 24 वर्षीय मनोज प्रजापति की डूबने से मौत हो गई।

परिजनों की सूचना पर पहुंची डीडीआरएफ की नगर सेना टीम ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह शव को तालाब से बरामद किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मनोज प्रजापति रोज की तरह रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव के निकट डबरी तालाब में नहाने गया था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन तालाब किनारे पहुंचे, जहां उसके कपड़े पचरी पर रखे मिले, लेकिन मनोज गायब था। डूबने की आशंका पर ग्रामीणों ने सरपंच व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची उरगा पुलिस ने डीडीआरएफ की नगर सेना टीम को बुलाया।

रेस्क्यू ऑपरेशन रविवार दोपहर से शुरू हुआ, जो देर रात तक चला, लेकिन शव नहीं मिला। सोमवार सुबह टीम ने फिर सर्च शुरू की और अंततः शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक मनोज गांव में गुपचुप का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी को मात्र 2 साल हुए थे और 9 माह का एक बच्चा भी है। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और आगे की कार्रवाई की जा रही है।