स्काउट-गाइड स्थापना दिवस पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन; मेयर बोलीं राष्ट्रवाद की भावना जगाता है स्काउट- गाइड

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का स्थापना दिवस मनाया गया। साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया।

जिला स्तरीय समारोह महापौर संजू देवी राजपूत के मुख्य आतिथ्य में दिव्य ज्योति संस्थान में हुआ। उन्होंने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के डायमंड जुबली वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्काउटिंग युवाओं के भीतर राष्ट्रवाद, अनुशासन और सेवा भावना को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है।

राजपूत ने कहा कि सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रप्रेम, एकता और स्वाभिमान के संदेश को पुन: जीवंत किया है। समारोह की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने की।

अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला भाजपा की उपाध्यक्ष और बालिका गृह की संचालिका रुक्मणी नायर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि दिव्य ज्योति संस्थान की प्राचार्य रिता क्षेत्रपाल,रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, जिला आयुक्त (गाइड) व प्राचार्य डॉ. फरहाना अली, जिला आयुक्त (रोवर) व प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता, वरिष्ठ स्काउटर एसआर सोनंत, प्राचार्य बीएस पैकरा, पारस जैन, वीणा मिस्त्री, प्रतिमा मंचासीन रहीं।

इस दौरान दिव्य ज्योति संस्थान के विशेष आवश्यकताओं वाले छात्रों ने स्वागत गीत के साथ लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। स्काउट्स, गाइड्स ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।