परिक्षेत्र स्तरीय महिला वॉलीबॉल: ईवीपीजी कॉलेज ने मिनीमाता को हराकर जीता खिताब; राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई

कोरबा। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जिले के 6 महाविद्यालयों की टीमों ने जोरदार मुकाबला किया। फाइनल में शासकीय ईवीपीजी महाविद्यालय ने मेजबान मिनीमाता कन्या महाविद्यालय को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह व क्रीड़ा समिति सदस्यों ने किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस देते हैं, बल्कि आत्मविश्वास व खेल भावना भी सिखाते हैं।

फाइनल में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहला सेट मिनीमाता ने जीता, दूसरा ईवीपीजी ने। निर्णायक तीसरे सेट में ईवीपीजी ने 15-11 से बाजी मार ली।विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

क्रीड़ा अधिकारी अनिमा तिर्की ने बताया कि प्रतियोगिता में मिनीमाता गल्र्स कॉलेज, पी.जी. कॉलेज, शासकीय भैसमा, बरपाली, कटघोरा व हरदी बाजार कॉलेज की टीमों ने भाग लिया। चैंपियन ईवीपीजी कॉलेज अब रायपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा का प्रतिनिधित्व करेगा।