खस्ताहाल सड़कों पर कांग्रेस का धरना:जनप्रतिनिधियों को ठहराया जिम्मेदार

कोरबा। शहर की जर्जर सड़कों, लगातार ट्रैफिक जाम और सुनालिया रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज निर्माण में हो रही देरी से त्रस्त नागरिकों की आवाज बनते हुए कांग्रेस ने गौमाता चौक सीतामणी में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सड़कों की बदहाली के लिए जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन को सीधे जिम्मेदार ठहराया।

जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि कोरबा शहर सहित जिले को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कें गड्ढों से पट गई हैं, लेकिन न तो जनप्रतिनिधि और न ही निगम प्रशासन ने मरम्मत या नवनिर्माण की सुध ली। पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कोरबा की तीन बड़ी समस्याओं खराब सड़कें, रेलवे फाटक और ट्रैफिक जाम पर चिंता जताई।

उन्होंने बताया कि सुनालिया रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज का काम वर्षों से लटका हुआ है, जिससे रोजाना घंटों जाम लगता है।

प्रदेश कांग्रेस सचिव बी एन सिंह ने सड़क दुर्दशा से आमजन की रोजमर्रा की परेशानी पर प्रकाश डाला।

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल,पूर्व पार्षद मनीष शर्मा,युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज,पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष गजानंद साहू,ब्लॉक अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, श्याम सुंदर सोनी, सुरेन्द्र जायसवाल, विकास सिंह, बसंत चंद्रा, संतोष राठौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़कों की मरम्मत और अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।