युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप: खाना खाकर सोया शिवलाल, सुबह कमरे से नहीं निकला

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत रवानाडांड गांव में एक 25 वर्षीय युवक शिवलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद सोने गए शिवलाल सुबह तक कमरे से बाहर नहीं निकले, जिसके बाद परिजनों ने कमरे में जाकर उन्हें जगाने की कोशिश की।

लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजन उन्हें जिंदा समझकर वाहन में लादकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक शिवलाल के बड़े भाई सुंदरलाल ने बताया कि उनका भाई रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करता था। शनिवार की शाम वह मजदूरी करके घर लौटा, फिर भैंसमा बाजार घूमने गया।

बाजार से लौटने के बाद खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह होने पर परिजनों ने कई बार आवाज दी, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो कमरे में जाकर उन्हें उठाने की कोशिश की। सुंदरलाल ने कहा, “शिवलाल को किसी तरह की कोई बीमारी या परेशानी नहीं थी। वह परिवार का सबसे छोटा भाई था तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा। घर का मेहनती सदस्य था, जो मजदूरी करके आर्थिक सहायता करता था। मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, हमें कोई जानकारी नहीं है।”

जिला अस्पताल की चौकी प्रभारी ने अस्पताल से प्राप्त मृत्यु मेमो के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कोई संदिग्ध परिस्थिति नजर नहीं आ रही, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। गांव में इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है, और परिजन सदमे में हैं।

पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले लिया है और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

यह घटना स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बनी हुई है, क्योंकि शिवलाल जैसा युवक परिवार का सहारा था। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल सकेगा।