अग्रसेन महाराज पर अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित अग्रवाल समाज: अमित बघेल के खिलाफ FIR दर्ज, कठोर कार्रवाई की मांग

कोरबा। जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन भगवान की मूर्ति पर की गई अभद्र टिप्पणी से अग्रवाल समाज में व्यापक आक्रोश फैल गया है।

दर्री-जमनीपाली के अग्रवाल समाज ने बघेल के खिलाफ FIR दर्ज कराई और कठोर कार्रवाई की मांग की है। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने दर्री पुलिस थाने को ज्ञापन सौंपा।

समाज के अध्यक्ष प्रेमकुमार अग्रवाल ने बताया कि अमित बघेल के इस अपमानजनक बयान से न केवल अग्रवाल और सिंधी समाज, बल्कि पूरे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह बयान धार्मिक अराजकता फैलाने और आपसी भाईचारे को तोड़ने की साजिश का हिस्सा लगता है।

महाराजा अग्रसेन भगवान प्रभु श्री राम की 35वीं पीढ़ी के वंशज थे, ऐसे महान पुरुषों के बारे में बोलने से पहले सौ बार सोचना चाहिए। अमित बघेल ऐसी बयानबाजी से विवादों के केंद्र में बने रहना चाहते हैं।

सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बघेल ने धार्मिक विश्वास का अपमान कर सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसलिए धार्मिक भावनाओं को आहत करने और दुर्भावनापूर्ण बयानबाजी के आरोप में FIR दर्ज कराई गई है।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष बैजनाथ गोयल, राजेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल,गणेश अग्रवाल,मनीष अग्रवाल,सुमित अग्रवाल, प्रतिक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, विनोद अग्रवाल,अशोक अग्रवाल,राकेश सिंघानिया,संजय पोद्दार सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह विवाद छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने की घटना से जुड़ा है, जिसमें बघेल ने अग्रसेन महाराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। प्रदेशभर में अग्रवाल समाज ने विरोध प्रदर्शन किए हैं और कई स्थानों पर FIR दर्ज हो चुकी हैं।