कोरबा। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 8 वर्षीय मासूम शिवम सारथी की मौत सिक्का निगलने के कारण हो गई। परिजनों के अनुसार, जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने इलाज न कर पाने का हवाला देकर बच्चे को रेफर कर दिया, जिसके चलते निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है, और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक शिवम के पिता मदन सारथी ने बताया कि वे मूल रूप से रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ के रहने वाले हैं। कुछ दिनों पहले शिवम के कंधे में चोट लगने के कारण वे उसके इलाज के लिए कोरबा के एक निजी अस्पताल आए थे। इलाज के बाद वे अपने रिश्तेदारों के गोढ़ी गांव में रुके हुए थे। शुक्रवार रात अचानक शिवम की तबीयत बिगड़ गई। उसके पैर-हाथ ठंडे पड़ गए और सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी।
तत्काल परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच शुरू की और एक्स-रे कराया। रिपोर्ट में पता चला कि शिवम के सीने में एक सिक्का फंस गया है, जो सांस लेने में बाधा डाल रहा था।
डॉक्टरों ने कहा कि इसका इलाज यहां संभव नहीं है और बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत किसी अन्य अस्पताल ले जाया जाए। परिजन घबराहट में उसे निजी अस्पताल की ओर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
मदन सारथी ने बताया कि शिवम ने सिक्का कब, कैसे और किन परिस्थितियों में निगला, यह किसी को नहीं पता। बच्चा खुद भी कुछ बता पाने की हालत में नहीं था। जिला अस्पताल आने के बाद ही इसकी जानकारी मिल सकी।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके कारण समय पर उचित चिकित्सा न मिलने से बच्चे की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार की अनुमति दी है। आगे की जांच में डॉक्टरों की भूमिका और अस्पताल की सुविधाओं की पड़ताल की जाएगी।
यह घटना स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को उजागर कर रही है, जहां छोटी-छोटी आपात स्थितियों का भी तुरंत समाधान नहीं हो पाता। परिवार ने न्याय की मांग की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

