नगर निगम में फाइल गायब: ठेकेदार भुगतान के लिए भटक रहे, नेता प्रतिपक्ष ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा

कोरबा। कोरबा नगर पालिका निगम में ठेकेदारों के कार्य से जुड़ी फाइलें और एमबी (मेजरमेंट) बुक रहस्यमयी तरीके से गायब हो रही हैं। इस भ्रष्टाचार पूर्ण कारनामे से ठेकेदार वर्षों से भुगतान के लिए परेशान हैं। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर गहन जांच और दोषियों पर कार्रवाई का अनुरोध किया है।

नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में बताया कि हमेशा चर्चित रहने वाला कोरबा नगर निगम अब नई सनसनी का केंद्र बन गया है।

ठेकेदारों और फर्मों द्वारा कार्य पूरा करने के बाद बिल के लिए फाइलें और एमबी बुक अधिकारी-कर्मचारियों को सौंपी जाती हैं, लेकिन कई मामलों में ये गायब हो जाती हैं। इससे ठेकेदार-आपूर्तिकर्ता वर्षों से विभागों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही। संदेह है कि आपसी रंजिश या आर्थिक स्वार्थ के चलते अधिकारी ही फाइलें गुम करवा रहे हैं।

कई ठेकेदारों ने आयुक्त को लिखित और मौखिक शिकायतें कीं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से फाइलें गायब होने का सिलसिला जारी है। आज भी अधिकारियों के टेबल पर 6 माह से ज्यादा समय तक फाइलें अटक जाती हैं, जिससे ठेकेदार आर्थिक संकट में जी रहे हैं।

मुख्य सचिव से मांग की गई है कि इस निंदनीय मामले की गंभीर जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दें। साथ ही, जिन ठेकेदारों की एमबी बुक गायब हुई है, उन्हें प्राथमिकता से भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश जारी करें।

इस पत्र से नगर निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर नजरें टिक गई हैं।