कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शारदा विहार फाटक के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो युवकों ने अपने ही दोस्त की आधे घंटे तक सरेआम पिटाई की, उसे नाले में उल्टा टांग दिया और चाकू से हमला करने की कोशिश की।
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद दर्जनों लोग सिर्फ तमाशबीन बने रहे, किसी ने हस्तक्षेप करने या पुलिस को सूचित करने की जहमत नहीं उठाई।
घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। पीड़ित मनीष दास महंत (उम्र करीब 25 वर्ष), जो संजय नगर पानी टंकी का रहने वाला है और मजदूरी करता है, अपने दो दोस्तों संदीप और मानू के साथ पैदल साइकिल लेकर शारदा विहार फाटक की ओर जा रहा था। रास्ते में किसी बात पर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।
आरोपियों ने मनीष पर लात-घूंसों से हमला बोल दिया। पिटाई के दौरान एक आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर वार करने की कोशिश की, लेकिन मनीष ने किसी तरह बचकर भागने की कोशिश की और चाकू मौके पर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे नाले के ऊपर से उल्टा लटका दिया, जहां वह नीचे गिरने से बाल-बाल बचा। मनीष ने एक हमलावर के बाल पकड़कर खुद को ऊपर खींचा, लेकिन आरोपी फिर टूट पड़े और दोबारा पिटाई की।
हद तब हो गई जब दोनों युवक पीड़ित को खींचते हुए अटल आवास की गलियों में ले गए और वहां भी उसकी जमकर धुनाई की। आखिरकार आरोपी मौके से फरार हो गए। शराब के नशे में धुत मनीष घायल अवस्था में मौके पर पड़ा मिला।सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल मनीष को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप और मानू उसी बस्ती के रहने वाले हैं, जो आदतन शराबी हैं और चोरी की साइकिल से इलाके में घूमते हैं।
पुलिस ने घटना का वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर दोनों की तलाश तेज कर दी है।
फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है, साथ ही लोगों की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















