कमला नेहरू महाविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव: 70 युवाओं ने लिया भाग, डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने दी कैरियर सफलता की सलाह

कोरबा। उच्च शिक्षा के साथ-साथ सुनहरे भविष्य की तैयारी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से कमला नेहरू महाविद्यालय में गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे से शाम चार बजे तक जॉब फेयर सह प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।

एजीआई ग्रीनपैक लिमिटेड एवं टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 70 से अधिक युवाओं ने भाग लिया और साक्षात्कार दिए।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “कंपनियां आपके अंदर योग्य कर्मी तलाश रही हैं और आपको इन ख्यातिलब्ध संस्थाओं में करियर बनाने का अवसर मिल रहा है। इस मौके का पूरा लाभ उठाएं और अपने सपनों को साकार करने के लिए शत-प्रतिशत प्रयास करें।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़कर उज्ज्वल भविष्य की राह तैयार करना महाविद्यालय का ध्येय रहा है।

स्वागत उद्बोधन में सहायक प्राध्यापक वायके तिवारी ने अभ्यर्थियों को करियर टिप्स दिए। प्लेसमेंट सेल प्रभारी अनिल कुमार राठौर ने युवाओं को साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और भागीदार कंपनियों का आभार जताया।

कैरियर टिप्स भी साझा किए
एजीआई ग्रीनपैक लिमिटेड से राजीव थोटे, विजय भास्कर तथा टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस से रिंकी मेश्राम व अभिषेक कुमार ने साक्षात्कार में डिसिप्लिन, खुद को प्रस्तुत करने की विधि एवं अन्य महत्वपूर्ण टिप्स दिए। इनसे युवा करियर की प्रतिस्पर्धा में खुद को बेहतर साबित कर सकेंगे।

यह प्लेसमेंट ड्राइव युवाओं को उम्दा करियर की मजबूत शुरुआत देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।