जिले के 35 श्रद्धालु अयोध्या में करेंगे रामलला के दर्शन

कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कोरबा शहर से 35 श्रद्धालुओं का दल गोपाष्टमी के अवसर पर अयोध्या के लिए रवाना हुआ। ये श्रद्धालु रामलला मंदिर में दर्शन करेंगे।

महापौर संजू देवी राजपूत, मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद रामकुमार साहू सहित अन्य गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें विदा किया। इस दौरान यात्रियों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।

दल के साथ नोडल अधिकारी और सहयोगी भी अयोध्या भेजे गए हैं। आईआरसीटीसी के साथ अनुबंध के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन से अयोध्या ले जाने और वापस लाने की व्यवस्था की गई है।

सरकार की ओर से यात्रियों को रास्ते में सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।

यह योजना विधानसभा चुनाव के दौरान की गई घोषणा के अनुपालन में लागू की जा रही है। रवानगी के समय नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।