कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी अंतर्गत दादर बस्ती के वार्ड नंबर 34 के पार्षद पति विकास चौहान पर एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्र को पीटने का गंभीर आरोप लगा है।
पीड़ित परिवार ने मानिकपुर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सीसीटीवी फुटेज में कैद होने की जानकारी मिली है, जो जांच को मजबूत कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, सातवीं कक्षा का छात्र स्कूटी पर सवार होकर गांव में ही किसी जरूरी काम से जा रहा था।
इसी दौरान पार्षद पति विकास चौहान और उनके दो साथी शराब के नशे में धुत अवस्था में मिले।
गुस्से में आकर विकास ने छात्र को लात-घूंसे बरसाए, जबकि उसके साथी चुपचाप तमाशा देखते रहे। छात्र हाथ-पैर जोड़कर गिड़गिड़ाया, लेकिन आरोपी ने एक न सुनी और जमकर पिटाई की। डरे-सहमें छात्र ने रोते हुए घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजनों ने तत्काल मानिकपुर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद विकास चौहान परिवार को धमकी दे रहा है और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहा है। इस घटना से आक्रोशित बस्तीवासी एकत्रित हो गए।
महिलाओं सहित ग्रामीण पार्षद के घर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती हैं।
मानिकपुर चौकी के प्रभारी नवीन पटेल ने बताया, “शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है। हमने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में मारपीट की घटना साफ दिख रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस ने पीड़ित छात्र का बयान दर्ज कर लिया है और गवाहों से पूछताछ कर रही है।
यह घटना नाबालिगों की सुरक्षा और नशे के सेवन के दुष्परिणामों को लेकर चिंता बढ़ा रही है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















