कोरबा। करतला रेंज के बरपाली क्षेत्र के सण्डैल गांव में वन्य प्राणी जंगली सुअर का बेरहमी से शिकार किया गया। आरोपियों ने विस्फोटक (बारूद) को खाने की चीजों में मिलाकर रखा, जिसे खाने से बारूद फट गया और सुअर की मौके पर मौत हो गई।
इसके अलावा, जंगल से गुजरने वाली 11 केवी बिजली लाइन से तार खींचकर करंट का भी इस्तेमाल किया गया। शिकार के बाद सुअर का मांस पकाकर बेच दिया गया।
वन विभाग को सूचना मिलते ही करतला रेंजर राठिया के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची और जांच की। इस दौरान एक ग्रामीण के घर से डेढ़ किलो जंगली सुअर का मांस बरामद हुआ। विभाग ने मानस बिंझवार और होरीलाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि बारूद 3500 रुपये में खरीदा गया था, जो आमतौर पर पत्थर और कोयला खदानों में इस्तेमाल होता है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया और उनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन अधिकारी ने चेतावनी दी कि ऐसे अवैध शिकार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















