किंग कोबरा ने बनाया नाग को शिकार,खेत में दिखा रोमांचक दृश्य, वीडियो वायरल

कोरबा। जिले से 22 किलोमीटर दूर कोरकोमा गांव में एक हैरान करने वाला प्राकृतिक नजारा देखने को मिला, जहां एक किंग कोबरा ने दूसरे जहरीले नाग सांप को अपना शिकार बनाकर निगल लिया। यह रोमांचक दृश्य खेत में धान की कटाई कर रहे किसानों ने देखा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के दौरान किसानों ने देखा कि खेत के बीच में किंग कोबरा ने फन फैलाकर नाग सांप को दबोच लिया और उसे निगलना शुरू कर दिया। यह दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए और कई ने अपने मोबाइल कैमरों में इस दुर्लभ घटना को रिकॉर्ड कर लिया।

रिप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) के अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि किंग कोबरा एक ऐसा सांप है जो अन्य जहरीले सांपों, जैसे कोबरा, रैट स्नेक और मॉनिटर लिज़र्ड को अपना भोजन बनाता है। उन्होंने कहा, “यह पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस तरह का दृश्य बहुत दुर्लभ होता है और प्रकृति के सटीक चक्र को दर्शाता है।”

RCRS ने ग्रामीणों और आम लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या अन्य वन्यजीव दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन (9827917848, 9009996789) पर संपर्क करें।

यह घटना प्रकृति की अनोखी और रोमांचक दुनिया की एक झलक पेश करती है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।