इंदिरा नगर, दुरपा रोड में रेलवे का अवैध कब्जा हटाने का नोटिस, रहवासियों के सामने संकट

कोरबा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दुरपा रोड, इंदिरा नगर (फोकट पारा) में रेलवे भूमि (किमी 705/12-16) पर अवैध निर्माण को हटाने के लिए 25 अक्टूबर 2025 को नोटिस जारी किया, जिससे स्थानीय रहवासियों में खलबली मच गई।

नोटिस में सात दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा रेल प्रशासन बलपूर्वक कार्रवाई और कानूनी कदम उठाएगा। नोटिस की प्रति सहायक मंडल अभियंता (चांपा), रेल सुरक्षा बल (कोरबा), और सिटी कोतवाली (कोरबा) को भेजी गई है।

रेलवे के नए निर्माण कार्य के लिए भूमि की जरूरत के कारण यह कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित रहवासियों, जिनमें गणेश राम, महादेव दास, अरुण सिंह, दीपक कुमार आदि शामिल हैं, ने बताया कि वे वर्षों से इस स्थान पर मकान बनाकर रह रहे हैं। सात दिन की कम अवधि और बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था या आर्थिक सहायता के नोटिस ने उनके सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

रहवासियों का कहना है कि इतने कम समय में नया घर ढूंढना और बसाना उनके लिए असंभव है।