तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक फरार

कोरबा। कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के कटकीडबरी गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय बुजुर्ग नरेंद्र कंवर की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना मुख्य मार्ग पर उस समय हुई, जब नरेंद्र सुबह 10 बजे अपने घर से कुछ दूरी पर नाले में नहाने जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

टक्कर के बाद नरेंद्र सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोट आई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक चालक फरार हो चुका था। घायल नरेंद्र को तत्काल हरदीबाजार के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बड़े बेटे सावन कुमार कंवर ने बताया कि हादसे के बाद उनके पिता का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत बिगड़ने पर जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि उनके पिता के सिर में गंभीर चोट थी, जिसके चलते यह हादसा जानलेवा साबित हुआ। नरेंद्र खेती-किसानी का काम करते थे और उनके परिवार में बेटी, बहू सहित अन्य सदस्य हैं। इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।


जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच के लिए संबंधित थाने को डायरी भेजी जाएगी। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।