बुका डैम में दर्दनाक हादसा: मछली पालन कर्मी की डूबने से मौत, 20 फीट गहराई से निकाला गया शव

कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के बुका पिकनिक स्पॉट के डैम में मछली पालन के कार्य में लगे 24 वर्षीय आशीष मरावी की डूबने से दुखद मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार सुबह तब हुआ, जब आशीष अपने दो साथियों के साथ रस्सी के सहारे फाउटिंग हाउस पर काम करने गया था। कार्य पूरा करने के बाद वापसी के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में जा गिरा।

आशीष को बचाने के लिए उसके दोनों साथियों ने पानी में छलांग लगाई, लेकिन उसे ढूंढने में असफल रहे। घटना की सूचना बांगो थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद जिला प्रशासन ने नगर सेना के गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया। शनिवार सुबह रेस्क्यू टीम ने कड़ी मेहनत के बाद 20 फीट गहरे पानी से कांटे की मदद से आशीष के शव को बरामद किया।

बांगो थाना प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि आशीष मरावी के साथियों और परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आशीष की अचानक तबीयत खराब होने से उसका संतुलन बिगड़ा, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

आशीष, मेलनाडीह खुंटाघाट, थाना रतनपुर का निवासी था और बुका के कॉटेज हाउस में रहकर महिला समिति द्वारा संचालित मछली पालन कार्य में अपने गाँव के दोस्तों के साथ कार्यरत था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।