पीएम धनधान्य योजना:  किसानों की समृद्धि के लिए कलेक्टर के कड़े निर्देश, डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान जल्द तैयार होगा

कोरबा।प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

इस दौरान कृषि,उद्यानिकी,मत्स्य पालन,पशुपालन और जल संसाधन विभागों के अधिकारियों को योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जिला प्रशासन को शीघ्र डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान तैयार करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बेसलाइन सर्वे को गंभीरता से पूरा करने और विलेज एक्शन प्लान बनाकर योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने की हिदायत दी। छोटी सिंचाई परियोजनाओं को चिह्नित कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक विभाग को 10-10 पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें बैंक लोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य सौंपा गया।

कलेक्टर ने नए फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) के गठन को प्राथमिकता देने और इन्हें योजना का लाभ दिलाने पर बल दिया। प्रत्येक ब्लॉक में चिंतन शिविर आयोजित कर योजना की प्रगति और चुनौतियों पर चर्चा करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही, फसलों के सुरक्षित भंडारण के लिए स्टोरेज और कोल्ड स्टोरेज की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विभागों को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। कलेक्टर ने कृषक समृद्धि के निर्धारित सूचकांकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए विशेष प्रयास करने की सलाह दी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, उप पंजीयक सहकारी संस्थान, लीड बैंक मैनेजर, नाबार्ड, कृषि विज्ञान केंद्र और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। यह बैठक कोरबा जिले में कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।