तेज रफ्तार पिकअप पलटने से मछलियां सड़क पर बिखरीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से की गति नियंत्रण की मांग

कोरबा जिले के सर्वमंगला– कनेवरी मार्ग पर शुक्रवार सुबह जोड़ा पुल के पास एक मछलियों से भरी पिकअप वाहन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक और वाहन में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन गनीमत रही कि चालक की जान बच गई।

दुर्घटना के बाद मछलियों से भरी बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिसके बाद आसपास के लोग और राहगीर मछलियां उठाने जुट गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पिकअप वाहन की तेज रफ्तार और सड़क पर आए मोड़ के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्वमंगला–कनेवरी मार्ग के निर्माण के बाद से इस सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार एक गंभीर समस्या बन गई है। इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारित की जाए और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं। प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।