अग्रवाल समाज ने धूमधाम से मनाया दीपावली मिलन और अन्नकूट पर्व

कोरबा।अग्रवाल सभा कोरबा ने अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में गोवर्धन पूजा, दीपावली मिलन समारोह और अन्नकूट प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने एकजुट होकर भगवान को छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पित किया और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि दीपावली मिलन समारोह हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जो समाज के लोगों को एक मंच पर लाता है।

उन्होंने सभी अग्रबन्धुओं से इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। वहीं, श्री अग्रसेन गौ सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल ने घोषणा की कि 29 अक्टूबर को गोधाम कनवेरी में गोपाष्टमी मनाई जाएगी, जहां गायों की विशेष पूजा और उन्हें पकवान अर्पित किए जाएंगे।

अग्रवाल सभा के सचिव गोपाल अग्रवाल और माता माधवी देवी गौ सेवा समिति के अध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से समाज के सभी सदस्यों से इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण बुधिया,रामसिंह अग्रवाल,गोपाल मोदी,नागरमल अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल,नारायण भोपालपुरिया, प्रहलाद अग्रवाल ,राकेश अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, बद्री मोदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्साह, बल्कि सामाजिक सौहार्द और गौ सेवा के प्रति समर्पण को भी दर्शाता है।

समाज के लोगों ने अन्नकूट प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।