सीएसईबी पुलिस चौकी के ड्राइवर ने खुद को पुलिस बताकर महिलाओं को गाली- गलौज, धमकी दी; एसपी ऑफिस में शिकायत, जांच शुरू

कोरबा। जिले के पंप हाउस कॉलोनी में रहने वाली महिलाओं ने सीएसईबी पुलिस चौकी के पेट्रोलिंग वाहन चालक राम कुमार प्रजापति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है।

राम कुमार, जो स्वर्गीय मदन प्रजापति का पुत्र है, पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिलाओं को गाली-गलौज करना, धमकियां देना, झूठे केस में फंसाने की चेतावनी देना और वसूली करने जैसे कृत्यों का आरोप है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

पंप हाउस कॉलोनी की महिलाओं ने बुधवार को एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचकर राम कुमार की काली करतूतों का खुलासा किया। शिकायत में बताया गया कि राम कुमार अक्सर पेट्रोलिंग वाहन चलाते हुए खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बस्ती में घूमता है और लोगों को डराता-धमकाता है।

शिकायतकर्ता शीतल ने बताया, “राम हमेशा केस में फंसाने की धमकी देता है। उसके घर के बाहर गंदी गालियां दी जाती हैं, जिसमें उसकी मां और दीदी उमा भी शामिल होती हैं।

दिवाली की रात 11 बजे के आसपास राम, उसकी मां और दीदी पूरी बस्ती में घूम-घूमकर मां-बहन की गालियां दे रहे थे। उमा ने खुलेआम कहा कि सभी को केस में फंसा दूंगी।”

इससे पहले सोमवार को दीवाली की रात को ही महिलाओं ने सीएसईबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। चौकी प्रभारी भीमसेन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया। प्रभारी ने कहा, “शिकायत की जांच चल रही है। राम कुमार एसईसीएल कॉलोनी में रहता है और पूर्व में भी उसके खिलाफ शिकायतें आ चुकी हैं। सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

अन्य महिलाओं ने भी राम के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। भरोसा बाई दीवान ने बताया, “उमा और उसके पति मेरे घर के बाहर आकर धमकी देते हुए गए कि एक लड़के को फंसा चुके हैं, दूसरे को भी जल्द फंसाएंगे। तुम्हें जीने नहीं देंगे।” पूर्व में भी राम और उसके परिवार ने कई लोगों, खासकर बच्चों को फर्जी आवेदनों के जरिए चौकी में केस दर्ज करवाए हैं, जिससे इलाके के निवासी भयभीत हैं।

पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। अब सवाल यह है कि राम कुमार और उसके परिवार के खिलाफ किस तरह की कार्रवाई की जाती है।

स्थानीय महिलाओं ने मांग की है कि ऐसे अपराधी तत्वों को तुरंत सबक सिखाया जाए ताकि बस्ती में शांति बहाल हो सके। कोरबा एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित करने की बात कही है।