52 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, स्कूल भवन और नाली निर्माण की हुई शुरुआत

कोरबा। नगर पालिका निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 55 सुमेधा, दर्री जोन में 52 लाख 40 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोह बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमामय बनाया।

भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 54 के जमनीपाली क्षेत्र में प्राथमिक शाला बरेडीमुड़ा और डुमरमुड़ा में 16.95-16.95 लाख रुपये की लागत से दो नवीन स्कूल भवनों का निर्माण कार्य शुरू किया गया। ये भवन स्थानीय बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके अतिरिक्त, वार्ड क्रमांक 55 सुमेधा में पार्षद निवास के सामने 18.50 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य का भी शुभारंभ हुआ, जो क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा और बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से निजात दिलाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे। उनके साथ महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, वार्ड 55 के पार्षद नरेंद्र देवांगन, वार्ड 54 के पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, महामंत्री अजय विश्वकर्मा और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी शिरकत की।

अतिथियों ने कोरबा के सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया।

स्थानीय जनता ने इस आयोजन को सफल बताते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।