कर्ज और नशे की लत से त्रस्त युवक ने कीटनाशक पीकर कियाआत्महत्या

कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खमरिया गांव निवासी 50 वर्षीय राजकुमार ने बुधवार को कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे तत्काल हरदी बाजार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

बताया गया कि राजकुमार सुबह नशे की हालत में घर पहुंचा था। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। उस समय उसकी पत्नी और दोनों बच्चे अपने-अपने काम पर गए थे। दोपहर में पत्नी राजकुमारी खेत से लौटी तो राजकुमार खाट पर उल्टी करता हुआ मिला, और पास में कीटनाशक की शीशी पड़ी थी।

राजकुमारी ने बताया कि राजकुमार पिछले कुछ महीनों से आवास योजना के तहत घर बनवाने के लिए लिए गए कर्ज के कारण तनाव में था और शराब का सेवन भी बढ़ा दिया था। हालांकि, आत्महत्या का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है।

राजकुमार खेती-किसानी और मजदूरी कर अपने बेटे और बेटी सहित परिवार का भरण-पोषण करता था।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर बयान दर्ज किए गए हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।