भ्रामक रेलवे वीडियो वायरल करने पर 20 के खिलाफ कार्रवाई

कोरबा। रेलवे स्टेशन और ट्रैक से जुड़े भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर यात्रियों को गुमराह करने की कोशिशों पर रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

स्थानीय रेल प्रबंधन ने इसे अपराधिक कृत्य मानते हुए 20 से अधिक सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रेलवे के अनुसार, असामाजिक तत्व पुराने या गलत वीडियो पोस्ट कर यात्रियों में भ्रम और असंतोष फैला रहे हैं। रेलवे प्रशासन 24×7 सोशल मीडिया मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि ऐसे भ्रामक कंटेंट पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी वीडियो या सूचना को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें और केवल भारतीय रेल के आधिकारिक नोटिफिकेशन और सोशल मीडिया हैंडल्स (एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब) पर उपलब्ध जानकारी पर भरोसा करें।