दर्दनाक हादसा: ट्रेलर में लोड एक्सवेटर बिजली तार से टकराया, चालक की करंट लगने से मौत

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के भंडारखोल परसापारा के पास डूमरकछार रोड पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक ट्रेलर (नंबर-सीजी 07 सी 1076) में लोड एक्सवेटर 11 केवी बिजली तार के संपर्क में आ गया, जिससे ट्रेलर में करंट फैल गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान कार्तिक राम, पंप हाउस निवासी, के रूप में हुई, जो दीपका से एक्सवेटर लोड करके जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 टीम और पाली पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिए लोगों की आवाजाही रोकी गई और पाली सब स्टेशन से बिजली सप्लाई बंद कराई गई। नुनेरा बांधाखार और दीपका की दमकल टीमों की मदद से ट्रेलर को तार से अलग किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रेलर के पहिए में आग लग गई थी, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद काबू किया गया। इस हादसे के चलते क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।